ज्योतिष शास्त्र के अनुसार साल 2022 का आखिरी सूर्य ग्रहण मंगलवार 25 अक्टूबर 2022 को लगने जा रहा है। इससे ठीक एक दिन पहले 24 अक्टूबर को दीपावली मनाया जाएगा। ग्रहण के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा की जाएगी। सालों बाद ऐसा दुर्लभ संयोग बन रहा है। जिसमें सूर्य ग्रहण से के एक दिन पहले दीपावली तो सूर्य ग्रहण के एक दिन बाद गोवर्धन पूजा होगी।
भारत में नहीं दिखाई देगा सूर्य ग्रहण
ज्योतिषाचार्य ने बताया, “यह सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखाई पड़ेगा। इसके बाद भी कई राशियों पर इस ग्रहण के शुभ और अशुभ प्रभाव देखने को मिलेंगे। ग्रहण का लगना ज्योतिषीय और खगोलीय दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है।ज्योतिषाचार्य सुशील की माने तो इस साल का अंतिम सूर्य ग्रहण कुछ राशियों के लिए मुश्किलें पैदा कर सकता है। इसलिए ग्रहण के दौरान इन राशि के जातकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।”
सूर्य ग्रहण का समय और सूतक
भारतीय समयानुसार सूर्य ग्रहण मंगलवार 25 अक्टूबर शाम 4 बजकर 23 मिनट से हो जाएगा, जो शाम 6 बजकर 25 मिनट तक रहेगा। ग्रहण का मध्यकाल 5 बजकर 28 मिनट और मोक्ष 6 बजकर 25 मिनट पर होगा। सूर्य ग्रहण में सूतक काल 12 घंटे पहले शुरू हो जाता है। यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए यहां इसका सूतक भी मान्य नहीं होगा।
इन 6 राशियों की बढ़ सकती हैं परेशानियां
वृश्चिक राशि- इस राशि के लाेगों को आर्थिक स्थित खराब होने की संभावना है। रुपयों की कमी तक का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए जरूरत न हो तो रुपए खर्च करने से बचें। इस दौरान किसी भी तरह का निवेश करने से पहले अच्छी तरह से सोच विचार कर करें।
वृषभ राशि – साल का अंतिम और दूसरा सूर्य ग्रहण वृषभ राशि वालों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। ग्रहण के दौरान और बाद इन राशि के जातकों को स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। खानपान पर ध्यान रखें। इसके अलावा धन हानि की भी आशंका है। ग्रहण के दौरान किसी प्रकार का लेन-देन और निवेश करने से बचें।
मकर राशि- इस राशि लोगों के लिए सूर्य ग्रहण थोड़ा परेशानी भरा साबित होगा। इस राशि के लोगों को उस दौरान अपने सेहत का ख्याल रखने की जरूरत है। स्वास्थ्य के प्रति सावधानी जरूरी है। किसी काम में जल्दबाजी से बचें, नहीं तो काम बिगड़ सकता है।
मिथुन राशि – साल का अंतिम सूर्य ग्रहण मिथुन राशि के जातकों के लिए भी शुभ नहीं होता दिखाई पड़ रहा है। आपको अनावश्यक खर्चों के कारण धन संकट का सामना भी करना पड़ सकता है। जीवन साथी के साथ भी समय अनुकूल नहीं रहेगा , जिससे कि अनबन होने की संभावना है।
तुला राशि – इस राशि वाले जातकों पर पहले से ही शनि की ढैय्या चल रही है। ऐसे में सूर्य ग्रहण इन राशि के लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकता है । इस दौरान मन अशांत और भयभीत रहने की भी संभावना है। इसलिए ईश्वर का ध्यान करें।
कन्या राशि- इन जातकों के लिए भी सूर्य ग्रहण शुभ फलदायी साबित नहीं होगा। उनकी आय में कमी आ सकती है , जिससे कि आर्थिक परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है। इसलिए इस दौरान कोई नया कार्य शुरू करने से खूब बचें।